मनी लॉन्ड्रिंग मामला: टीना अंबानी को ईडी फिर जारी करेगा समन, पूछताछ के लिए जल्द बुलाने की तैयारी

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए जल्द ही नया समन जारी करेगा। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी साझा की है।

पूर्व फिल्म अभिनेत्री टीना अंबानी को एजेंसी ने सोमवार को पेश होने के लिए समन भेजा था, लेकिन वह निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं हुईं। अधिकारियों के अनुसार, जांच एजेंसी उन्हें एक बार फिर पूछताछ के लिए बुलाएगी। बताया जा रहा है कि यह पूछताछ न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक लग्जरी कॉन्डोमिनियम की खरीद से जुड़े मनी ट्रेल और वित्तीय लेन-देन के संबंध में की जानी है।

इस मामले में ईडी की कार्रवाई लगातार जारी है। हाल ही में एजेंसी ने रिलायंस कम्युनिकेशन (आरकॉम) के पूर्व प्रेसिडेंट पुनीत गर्ग को भी गिरफ्तार किया था। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद ईडी ने अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप (एडीएजी) के खिलाफ कथित बैंक धोखाधड़ी और अन्य वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। इसी जांच के दायरे में समूह के प्रमुख अधिकारियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *