सूरजकुंड में एक्शन! झूला हादसे के गुनहगार गिरफ्तार, इंस्पेक्टर की जान जाने के बाद बड़ी कार्रवाई

फरीदाबाद। 7 फरवरी को सूरजकुंड मेला परिसर में हुए झूला हादसे के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में एक झूला टूटने के कारण हरियाणा पुलिस के निरीक्षक जगदीश प्रसाद की जान चली गई थी, जब वह अन्य लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे थे।

कंपनी मालिक और एक अन्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि झूला लगाने वाली कंपनी “हिमाचल केयर फन केयर” के मालिक मोहम्मद शाकिर को गिरफ्तार किया गया है। वह हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के गांव टोका नंगला का निवासी है। टूटे हुए झूले का मालिक भी वह ही बताया गया है। पुलिस ने एक अन्य आरोपी नितेश को भी गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश के मेरठ कैंट, धर्मपुरी सदर का निवासी है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में कंपनी के प्रोप्राइटर मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस उपायुक्त अपराध के पर्यवेक्षण में तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) की निगरानी में मामले की जांच की जा रही है।

शहीद निरीक्षक को श्रद्धांजलि
हादसे के बाद शहीद निरीक्षक जगदीश प्रसाद का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस महानिदेशक अजय सिंगला और पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने सिविल अस्पताल फरीदाबाद पहुंचकर शहीद के परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि निरीक्षक जगदीश प्रसाद ने घायलों को बचाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, और विभाग को उन पर गर्व है। परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी और अनुकंपा योजना के तहत योग्य सदस्य को नौकरी दी जाएगी।

घायलों से मुलाकात और उनकी स्थिति
पुलिस महानिदेशक ने सिविल अस्पताल फरीदाबाद और सुप्रीम अस्पताल में भर्ती घायलों का भी हालचाल जाना। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इस हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए थे और सभी की स्थिति अब सामान्य है। घायलों में महिला सहायक उप निरीक्षक नीलम, महिला सिपाही शर्मिला, राजेश SPO, हर्ष प्रकाश, प्रशांत, अमीषा, परविंदर, सुनील, शिवानी, बलबीर, अनुज और पूजा शामिल हैं। इनमें से 5 घायलों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *