पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स युवाओं के लिए बन रहे रोजगार का मजबूत जरिया: मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज एक अलग ही अंदाज़ में नजर आए। उन्होंने 10 रुपये का टिकट खरीदकर जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मयाली नेचर कैंप में प्रवेश किया और वहां साहसिक खेल गतिविधियों का आनंद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई नए एडवेंचर स्पोर्ट्स की औपचारिक शुरुआत भी की। प्रवेश शुल्क अदा कर आम नागरिक की तरह नेचर कैंप में प्रवेश कर उन्होंने नियमों के पालन और समानता का सशक्त संदेश दिया।

इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय, विधायक गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव रोहित यादव, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने मयाली नेचर कैंप में विकसित अधोसंरचनाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। साथ ही स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रकृति आधारित पर्यटन और साहसिक गतिविधियां न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देती हैं, बल्कि स्थानीय समुदाय के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी सृजित करती हैं।

चार नए एडवेंचर स्पोर्ट्स का हुआ शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने नेचर कैंप में संचालित एटीवी स्पोर्ट्स मोटर बाइक स्वयं चलाकर साहसिक पर्यटन का अनुभव लिया। इसके बाद उन्होंने बैलून शूटिंग में बंदूक से सटीक निशाना साधकर इस खेल की शुरुआत की। आर्चरी शूटिंग में तीर चलाकर और माउंटेन साइक्लिंग करते हुए उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इसके अलावा वॉल क्लाइंबिंग बोर्ड का भी उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर वॉल क्लाइंबर तेज सिंह और तेजल भगत ने मुख्यमंत्री के समक्ष वॉल क्लाइंबिंग कर अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिसकी मुख्यमंत्री ने प्रशंसा की। मुख्यमंत्री बॉक्स क्रिकेट में भी हाथ आजमाते नजर आए और स्टेट ड्राइव व ऑफ साइड पर आकर्षक शॉट लगाए। मुख्यमंत्री ने मयाली नेचर कैंप स्थित कैक्टस गार्डन का भी भ्रमण किया, जहां विभिन्न प्रजातियों के कैक्टस लगाए गए हैं। वनमंडलाधिकारी शशि कुमार ने कैक्टस के औषधीय महत्व की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *