केरल के पलक्कड़ में विस्फोटक का बड़ा जखीरा बरामद, तरबूज के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थीं जिलेटिन की छड़ें

नई दिल्ली। केरल के पलक्कड़ में बुधवार देर रात पुलिस ने एक पिक-अप वैन से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है। इस कार्रवाई में 100 से अधिक बक्सों में भरी जिलेटिन स्टिक और 20 से ज्यादा डेटोनेटर के बक्से जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इन विस्फोटकों को छिपाने के लिए गाड़ी में ऊपर से तरबूज रखे गए थे ताकि किसी को शक न हो।

पलक्कड़ टाउन साउथ पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में अवैध रूप से विस्फोटक लाए जाने की खुफिया जानकारी मिली थी। इसी आधार पर पुलिस टीम वाहनों की सघन जांच कर रही थी। जब पिक-अप वैन को रुकने का इशारा किया गया, तो ड्राइवर ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर वाहन को घेराबंदी कर रोका और तलाशी ली।

पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए ड्राइवर ने बताया कि उसने विस्फोटकों की यह खेप तमिलनाडु के कोयंबटूर से लोड की थी और इन्हें केरल के त्रिशूर स्थित एक खदान में ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि विस्फोटक जब्त कर लिए गए हैं और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक बिना किसी वैध दस्तावेज के कहां से और किसके लिए ले जाए जा रहे थे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *