स्वदेशी ‘भारत टैक्सी’ का आगाज: दुनिया का सबसे बड़ा ड्राइवर-स्वामित्व वाला प्लेटफॉर्म लॉन्च करेंगे अमित शाह

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार को ‘भारत टैक्सी’ का शुभारंभ करेंगे। यह देश का पहला सहकारिता आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफार्म है। इसकी जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई है।

भारत टैक्सी को सभी राज्यों और शहरों में अगले दो वर्षों के भीतर विस्तार देने का लक्ष्य रखा गया है। यह प्लेटफार्म मल्टी-स्टेट कोपरेटिव सोसाइटीज एक्ट, 2002 के तहत पंजीकृत है और इसकी स्थापना छह जून 2025 को की गई थी। यह सेवा जीरो कमीशन और सर्ज-फ्री प्राइसिंग मॉडल पर काम करती है, जिससे ड्राइवरों को सीधे लाभ मिलता है।

यह प्लेटफार्म विदेशी निवेश आधारित राइड-हेलिंग कंपनियों के स्वदेशी विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया गया है। आठ प्रमुख सहकारी संगठनों के सहयोग से संचालित इस सेवा ने दो दिसंबर को दिल्ली-एनसीआर और गुजरात में पायलट संचालन शुरू किया था। माना जा रहा है कि यह ओला, उबर और रैपिडो जैसे स्थापित प्लेटफार्मों को चुनौती देगा।

मंत्रालय के अनुसार, भारत टैक्सी दुनिया का पहला और सबसे बड़ा सहकारी आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफार्म है, जो पूरी तरह ड्राइवर-स्वामित्व वाले मोबिलिटी मॉडल पर आधारित है। लॉन्च के बाद से अब तक तीन लाख से अधिक ड्राइवर इस प्लेटफार्म से जुड़ चुके हैं, जबकि एक लाख से अधिक उपयोगकर्ताओं ने पंजीकरण कराया है।

दिल्ली-एनसीआर और गुजरात में प्रतिदिन 10 हजार से अधिक राइड पूरी की जा रही हैं। अब तक लगभग 10 करोड़ रुपये सीधे ड्राइवरों में वितरित किए जा चुके हैं।

यह प्लेटफार्म ड्राइवरों, जिन्हें ‘सारथी’ कहा जाता है, के लिए स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, रिटायरमेंट सेविंग्स और समर्पित सहायता प्रणाली जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं को प्राथमिकता देता है। दिल्ली में इसके सात सहायता केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *