सक्ती: ड्यूटी से लगातार गायब रहने वाले पुलिस जवान पर गिरी गाज, एसपी ने नौकरी से निकाला

सक्ती। रक्षित केंद्र सक्ती में पदस्थ नव आरक्षक 356 तुलसी शास्त्री को अनुशासनहीनता और लगातार अनुपस्थित रहने के कारण पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने यह सख्त कार्रवाई नव आरक्षक के आचरण में सुधार न होने और विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद की है।

510 दिनों तक बिना बताए रहा गायब नव आरक्षक तुलसी शास्त्री 29 नवंबर 2022 से पुलिस सेवा में कार्यरत था। वह शुरू से ही ड्यूटी से गायब रहने का आदि था। हद तो तब हो गई जब दो बार पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) जाने की जानकारी होने के बावजूद वह ट्रेनिंग से बचने के लिए जानबूझकर अनुपस्थित हो गया। इसके बाद वह 20 अप्रैल 2024 से 12 सितंबर 2025 तक लगातार 510 दिनों तक बिना किसी सूचना के ड्यूटी से नदारद रहा।

मौका देने के बाद भी नहीं सुधरा आचरण पुलिस विभाग द्वारा आरक्षक को सुधार के लिए कई अवसर दिए गए, लेकिन उसकी कार्यप्रणाली में कोई बदलाव नहीं आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच कराई गई, जिसमें सभी आरोप प्रमाणित पाए गए। जांच रिपोर्ट और सेवा अभिलेखों के अवलोकन के बाद पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने उसे सेवा के अयोग्य पाया और 31 जनवरी 2026 को सेवा से पृथक करने का आदेश जारी कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *