मुंबई। एक्टर रणवीर सिंह की स्पाई-एक्शन ड्रामा फिल्म ‘धुरंधर’ को मिली जबरदस्त सफलता के बाद अब मेकर्स इसकी अगली कड़ी ‘धुरंधर द रिवेंज’ को रिलीज के लिए तैयार हैं। रणवीर सिंह ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म से जुड़ा पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी।
पोस्ट के कैप्शन में रणवीर सिंह ने लिखा, “अब बिगड़ने का वक्त आ गया है। ‘धुरंधर द रिवेंज’ का टीजर आज 12:12 बजे रिलीज किया जाएगा। फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में आएगी।” इस ऐलान के बाद फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
इससे एक दिन पहले 2 फरवरी को रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर करते हुए “कल 12:12” लिखा था, जिससे फिल्म को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। अब टीजर रिलीज की पुष्टि के साथ दर्शकों का इंतजार खत्म होने वाला है।
गौरतलब है कि फिल्म ‘धुरंधर’ साल 2025 के अंत में रिलीज हुई थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता हासिल की थी। स्पाई-थ्रिलर शैली की इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। फिल्म ने पहले दिन करीब 28 करोड़ रुपये की कमाई की थी और घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 831 करोड़ रुपये से अधिक का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही यह दुनिया भर में 1,000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली फिल्मों में शामिल हो गई थी।