नई दिल्ली। महाराष्ट्र की राजनीति को झकझोर देने वाली घटना में उपमुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार का बुधवार सुबह विमान हादसे में निधन हो गया। मुंबई से बारामती जा रहा उनका निजी विमान पुणे जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें अजित पवार सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि विमान में आग लग गई और सभी शव बुरी तरह झुलस गए। रिपोर्ट के अनुसार अजित पवार की पहचान कलाई में पहनी घड़ी से की गई। संयोगवश एनसीपी का चुनाव चिन्ह भी घड़ी है, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में भावुक चर्चा हो रही है।
हादसे का शिकार लियरजेट-46 विमान हुआ, जिसे दिल्ली की वीएसआर वेंचर्स कंपनी संचालित कर रही थी। विमान सुबह करीब 8:10 बजे मुंबई से रवाना हुआ था और लगभग 35 मिनट बाद बारामती एयरपोर्ट पर उतरने वाला था। सुबह करीब 8:45 बजे लैंडिंग के दौरान संतुलन बिगड़ने से विमान रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई।
इस दुर्घटना में अजित पवार के साथ उनके पीएसओ, एक सहायक तथा दो क्रू मेंबर—पायलट इन कमांड और फर्स्ट ऑफिसर—की भी मौत हो गई। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
अजित पवार 66 वर्ष के थे और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के प्रचार के सिलसिले में बारामती जा रहे थे, जहां उन्हें कई जनसभाओं में शामिल होना था। उनके असमय निधन से राज्यभर में शोक की लहर दौड़ गई है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, विमान ने सुबह 8:18 बजे बारामती से संपर्क किया था। अंतिम अप्रोच के दौरान रनवे स्पष्ट नजर नहीं आने पर एक बार गो-अराउंड किया गया। दूसरी बार लैंडिंग की अनुमति मिलने के कुछ ही क्षण बाद रनवे के पास आग की लपटें दिखाई दीं। इसके तुरंत बाद आपातकालीन सेवाएं सक्रिय की गईं, लेकिन सभी सवारों को बचाया नहीं जा सका।