बीजापुर : देश के संविधान के लागू होने की स्मृति में मनाया जाने वाला 77वाँ गणतंत्र दिवस आज नयापारा बीजापुर स्थित 85 बटालियन केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के प्रांगण में पूरे हर्षोल्लास, गौरव, अनुशासन एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। गणतंत्र दिवस भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की सर्वोच्चता तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों का प्रतीक है।
इस अवसर पर उप महानिरीक्षक बी. एस. नेगी, रेंज (परि०) बीजापुर द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा परेड की सलामी ग्रहण की गई। झण्डा फहराने के उपरांत राष्ट्रगान गाया गया और उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों ने संविधान के प्रति निष्ठा तथा राष्ट्र सेवा का संकल्प दोहराया।

इस गरिमामय समारोह में 85 बटालियन के कमांडेंट सुनील कुमार राही सहित 85 बटालियन एवं डीआईजी रेंज बीजापुर के समस्त राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
उप महानिरीक्षक महोदय ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान की गरिमा, राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा देश की आंतरिक सुरक्षा में सीआरपीएफ की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए जवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ न केवल सुरक्षा प्रदान करने वाला बल है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में भी एक मजबूत स्तंभ है।
इसी अवसर पर 85 बटालियन की नक्सल प्रभावित अति दुर्गम व सुदूर क्षेत्रों में प्रतिस्थापित किये गये सीआरपीएफ कैम्प पेद्दापारा, पुसनार, हिरोली, कावडगांव, मुतवेंडी एवं डुमरी पालनार में भी स्थानीय ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों के साथ गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों एवं ग्रामीणों में देशभक्ति, अनुशासन और संविधान के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ किया गया।

इन आयोजनों के दौरान सीआरपीएफ और आम जनता के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं सौहार्द का मजबूत संदेश दिया गया। ग्रामीणों एवं बच्चों की सक्रिय सहभागिता ने यह दर्शाया कि सीआरपीएफ न केवल सुरक्षा बल है, बल्कि जनता का मित्र और सहयोगी भी है, जो समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर शांति, विकास एवं लोकतंत्र को सशक्त बनाने हेतु प्रतिबद्ध है।
इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से 85 बटालियन सीआरपीएफ ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराते हुए बल-जन सहभागिता को और अधिक मजबूत किया तथा राष्ट्र निर्माण में सामूहिक योगदान का संदेश दिया।