एशिया लेजेंड्स कप 2026: छत्तीसगढ़ के तीन क्रिकेटरों का भारतीय टीम में चयन, थाईलैंड में दिखाएंगे दम

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक बड़ी और गौरवशाली खबर सामने आई है। थाईलैंड के चियांगमई और बैंकॉक में आयोजित होने वाले ‘एशिया लेजेंड्स कप 2026’ के लिए छत्तीसगढ़ के तीन दिग्गज खिलाड़ियों—जतिन सक्सेना, मोहम्मद कलीम खान और चंद्रशेखर खुटे का चयन भारतीय लेजेंड्स क्रिकेट टीम में हुआ है। बोर्ड ऑफ वेटरन क्रिकेट इन इंडिया (BVCI) ने इनके निरंतर शानदार प्रदर्शन को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है।

यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का एक सुनहरा अवसर है। इन तीनों खिलाड़ियों ने घरेलू और राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंटों में अपने खेल से प्रदेश का मान बढ़ाया है।

इन तीन सितारों ने बढ़ाया मान:
जतिन सक्सेना (उपकप्तान): स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर जतिन सक्सेना को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। रणजी ट्रॉफी खेल चुके जतिन एक स्पेशलिस्ट बल्लेबाज हैं और हाल ही में उन्होंने आईवीपीएल में शानदार शतक जड़ा था।

मोहम्मद कलीम खान: छत्तीसगढ़ पुलिस में इंस्पेक्टर कलीम खान अपनी घातक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने लेजेंड्स लीग के 22 मैचों में 40 से अधिक विकेट झटके हैं और वे एक बेहतरीन ऑलराउंडर के रूप में टीम से जुड़ेंगे।

चंद्रशेखर खुटे: वन विभाग में कार्यरत चंद्रशेखर खुटे ने अपनी बल्लेबाजी और फील्डिंग से सभी को प्रभावित किया है। पिछले वर्ष वे छत्तीसगढ़ लेजेंड्स लीग के ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ रहे थे।

छत्तीसगढ़ बैडमिंटन क्रिकेट बोर्ड के पदाधिकारियों ने इस चयन पर खुशी जाहिर करते हुए उम्मीद जताई है कि इन खिलाड़ियों के अनुभव से भारतीय टीम को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *