हिंगोरा सिंह : अम्बिकापुर: कलेक्टर अजीत वसंत ने शुक्रवार को जनपद पंचायत मैनपाट में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक ली। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय अग्रवाल, एसडीएम रामसिंह ठाकुर, जनपद सीईओ कुबेर सिंह सहित सम्बंधित अधिकारी, सरपंच, सचिव, रोजगार एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर वसंत ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में ग्राम पंचायत सरपंच की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए विकास कार्यों में सक्रिय रूप से भागीदार बनें।

उन्होंने जनपद क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने पंचायत सचिव, रोजगार सहायक एवं तकनीकी सहायकों को आवास निर्माण कार्य में तेजी लाने निर्देशित किया। ऐसे पंचायत जहां किसी प्रकार की समस्या नहीं है वहां सभी आवास 31 मार्च तक गुणवत्तायुक्त पूर्ण कर लिए जाएं। बैठक में सीतापुर एसडीएम को ग्राम परपटिया में स्वीकृत अप्रारंभ आवासों के लिए शिविर के माध्यम से हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने एवं समस्याओं का समाधान करने निर्देश दिए गए। बैठक में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास निर्माण के हितग्राहियों को जी राम जी योजना के तहत मिलने वाले 90 दिवस के रोजगार के राशि का शत-प्रतिशत भुगतान कराना सुनिश्चित करें एवं भुगतान में आने वाली समस्याओं का तत्परता से समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर वसंत ने कहा कि जो निर्माण कार्य पूरे नहीं हुए हैं, उन्हें समय-सीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में वसूली नहीं होनी चाहिए, शिकायत प्राप्त होने पर सम्बन्धितों पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने आरईएस विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यों का औचित्य परीक्षण उपरांत ही प्राक्कलन तैयार कर भेजने निर्देशित किया। वहीं उन्होंने कहा कि सभी इंजीनियर निर्माण कार्यों का अच्छे से मूल्यांकन एवं सत्यापन करें, ध्यान रहे इसमें किसी भी प्रकार की शिकायत ना आए।
कलेक्टर वसंत ने कहा कि डीएमएफ एवं अन्य मद के ऐसे समस्त कार्य जो 1 जनवरी 2024 के पूर्व स्वीकृत हुए हैं, उन सभी अप्रारंभ कार्यों को निरस्त कर सीसी एवं अपूर्ण कार्यों का आरसीसी जारी करें। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों के भुगतान के लिए जनपद समय पर मांगपत्र जिला कार्यालय भेजना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान पंचायतों में चल रहे विभिन्न कार्यों आंगनबाड़ी भवन निर्माण, डीएमएफ समग्र शिक्षा के कार्यों सहित अन्य निर्माण कार्यों तथा योजनाओं की समीक्षा की गई।