प्रयागराज : प्रयागराज के संगम तट पर बसंत पंचमी के पावन अवसर पर चौथा पवित्र स्नान पर्व जारी है। सुबह से ही देश-विदेश के कोने-कोने से श्रद्धालु संगम के विभिन्न घाटों पर पहुंच रहे हैं। कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्ति भाव से ओतप्रोत श्रद्धालु लगातार पवित्र संगम में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार शाम चार बजे तक त्रिवेणी घाट पर 3 करोड़ 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। संगम में आस्था की डुबकी लगाने वालों में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा सभी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बसंत पंचमी के अवसर पर पवित्र स्नान करने वाले सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीर्थराज प्रयाग में त्रिवेणी संगम में पुण्य स्नान का सौभाग्य प्राप्त कर रहे सभी भक्तों को हार्दिक बधाई। पावन संगम में आस्था की डुबकी सभी के लिए शुभ फलदायी हो, सबकी मनोकामनाएं पूर्ण हों, मां गंगा से यही प्रार्थना है।
बता दें कि माघ मेला 2026 की शुरुआत पौष पूर्णिमा स्नान के साथ 3 जनवरी को संगम तट पर हुई थी। कल्पवास के दौरान श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाकर मेले में भाग ले रहे हैं। बसंत पंचमी का स्नान माघ मेले का महत्वपूर्ण पर्व है जिसमें लाखों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।