नई दिल्ली। अगर आप सोना या चांदी खरीदने का मन बना रहे हैं, तो बाजार की ताजा हलचल आपको चौंका सकती है। शुक्रवार, 23 जनवरी को भारतीय वायदा बाजार (MCX) में सोने और चांदी की कीमतों ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दुनिया भर में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी डॉलर की कमजोरी की वजह से सुरक्षित निवेश के तौर पर कीमती धातुओं की मांग तेजी से बढ़ी है।
बाजार का ताजा हाल आज सुबह बाजार खुलते ही एमसीएक्स (MCX) पर फरवरी वायदा सोने की कीमत करीब 1,559 रुपये उछलकर 1,57,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई। चांदी में तो और भी बड़ी तेजी देखी गई; मार्च वायदा चांदी 7,561 रुपये की छलांग लगाकर 3,34,850 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही है। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 4,969 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गया है।
अन्य कमोडिटीज की स्थिति सोने-चांदी के अलावा कॉपर में हल्की मजबूती देखी जा रही है, जबकि कच्चे तेल (Crude Oil) और नेचुरल गैस की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। क्रूड ऑयल करीब 1.23 प्रतिशत गिरकर 5,507 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है।
कमाई का मौका: कहां लगाएं पैसा? बाजार के जानकारों के मुताबिक, इस उतार-चढ़ाव भरे माहौल में निवेशकों के लिए कमाई के अच्छे मौके बन रहे हैं। गंगानगर कमोडिटीज के एक्सपर्ट अमित खरे ने आज के लिए विशेष सलाह दी है:
गोल्ड मिनी (फरवरी): इसे 1,57,300 रुपये के ऊपर खरीदने की सलाह है। इसके लिए 1,62,000 रुपये का टारगेट और 1,54,000 रुपये का स्टॉप लॉस रखें।
क्रूड ऑयल (फरवरी): इसे 5,400 रुपये के आसपास खरीदा जा सकता है। इसका टारगेट 5,700 रुपये और स्टॉप लॉस 5,300 रुपये रखने का सुझाव है।