बलौदाबाजार में स्पंज आयरन फैक्ट्री हादसा: जोरदार धमाके से 6 मजदूरों की मौत, 4 की हालत नाजुक

बलौदाबाजार जिले के भाटापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बकुलाही गांव में स्थित एक स्पंज आयरन फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण विस्फोट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की जान चली गई है, जबकि 4 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

आशंका जताई जा रही है कि फैक्ट्री के मलबे में अभी भी कुछ मजदूर फंसे हो सकते हैं, जिससे मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की संभावना है। विस्फोट इतना तेज था कि प्लांट की एक यूनिट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों ओर मलबा बिखर गया।

घायलों की हालत चिंताजनक
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है।

तकनीकी खराबी की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोट का कारण तकनीकी गड़बड़ी या अत्यधिक दबाव हो सकता है। हालांकि वास्तविक वजह का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा।

इस हादसे को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत कार्य में तेजी लाई जाए तथा घटना की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *