धर्म परिवर्तन को लेकर हिंसा: दो परिवारों के 16 सदस्यों को पीटकर गांव से निकाला

नारायणपुर। अबूझमाड़ क्षेत्र के ओरछा विकासखंड अंतर्गत ईकनार गांव में धर्म परिवर्तन को लेकर गंभीर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने मतांतरित दो परिवारों के 16 सदस्यों पर हमला कर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें गांव छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया।

इतना ही नहीं, हमलावरों ने पीड़ित परिवारों के मकानों को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। घरों में रखा राशन और जरूरी कागजातों को आग के हवाले कर दिए जाने का भी आरोप है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

गौरतलब है कि इससे पहले आमाबेड़ा गांव में भी धर्मांतरण को लेकर इसी तरह की हिंसक घटना सामने आ चुकी है। अब ईकनार गांव में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

मारपीट में घायल हुए परिवार के सदस्य किसी तरह जान बचाकर ओरछा ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। पीड़ितों की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी प्रशासन द्वारा नहीं की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। गांव में सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *