नई दिल्ली। 77वें गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने 6 आतंकवादियों के पोस्टर जारी किए हैं, जिनमें पहली बार दिल्ली के एक आतंकवादी की तस्वीर शामिल की गई है। यह आतंकवादी मोहम्मद रेहान है, जो अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़ा बताया जा रहा है। दिल्ली पुलिस के अनुसार मोहम्मद रेहान लंबे समय से वांटेड है और उसकी तलाश पुलिस व खुफिया एजेंसियां कर रही हैं।
26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर होने वाले मुख्य समारोह को देखते हुए राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें फेस रिकग्निशन सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है। करीब 10 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे।
सुरक्षा के तहत कई स्तरों पर निगरानी की जा रही है। एंटी-ड्रोन यूनिट से हवाई निगरानी की जा रही है, जबकि ऊंची इमारतों पर स्नाइपर तैनात किए गए हैं। होटल, गेस्ट हाउस, किराएदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन किया जा रहा है। समारोह स्थल पर आने वाले लोगों की कई चरणों में मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर देवेश कुमार महाला ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर तय सुरक्षा मानकों के अनुसार व्यवस्था की गई है। पुलिस ने कार्यक्रम से पहले कई बार ब्रीफिंग और रिहर्सल की है।
कंट्रोल रूम में करीब 1,000 कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और फेस रिकग्निशन सिस्टम के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत अलर्ट मिलता है। चोरी या संदिग्ध वाहनों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।