पद्मश्री आनंद कुमार और लेखक नीलोत्पल मृणाल भरेंगे युवाओं के सपनों को ‘उड़ान’, 22 जनवरी को अंबिकापुर में महासंगम

(हिंगोरा सिंह) अम्बिकापुर। सरगुजा अंचल के युवाओं को करियर मार्गदर्शन देने और सफलता के नए रास्तों से रूबरू कराने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग द्वारा भव्य कार्यक्रम “युवा उड़ान 2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष प्रेरणादायी सत्र 22 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे स्थानीय कलाकेंद्र मैदान में आयोजित होगा।

इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता देश के दो प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों की उपस्थिति है। ‘सुपर 30’ के संस्थापक और प्रख्यात गणितज्ञ पद्मश्री आनंद कुमार तथा विश्वविख्यात लेखक नीलोत्पल मृणाल सरगुजा के युवाओं से सीधे रूबरू होंगे। वे छात्रों को करियर चयन, जीवन के संघर्षों से निपटने और सफलता प्राप्त करने के गुर सिखाएंगे।

विकसित भारत की ओर बढ़ते कदम “युवा उड़ान 2026” का मुख्य उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास जगाना और उन्हें “विकसित सरगुजा, विकसित छत्तीसगढ़, विकसित भारत” की परिकल्पना से जोड़ना है। स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित यह कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करेगा।

अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर की अपील प्रेसवार्ता के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने बताया कि शासन का लक्ष्य सरगुजा जैसे वनांचल क्षेत्रों के युवाओं को वह मंच प्रदान करना है, जिससे वे देश के बड़े विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें। उन्होंने जिले के समस्त छात्र-छात्राओं, युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होकर इसका लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *