
दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 13 जनवरी की देर रात तिवारी पेट्रोल पंप के सामने हुआ।
मृतक की पहचान प्रवीण कुमार (26 वर्ष), निवासी सुपेला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रवीण अपने तीन दोस्तों के साथ कार से कंचादूर की ओर जा रहा था, जहां वह अपने दोस्त प्रशांत मांडले को घर छोड़ने निकला था। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पलट गई।
हादसे में युवक की मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार एक बार पलटी थी और वाहन के सभी एयरबैग खुल गए थे, लेकिन प्रवीण के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार अन्य तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंस्टाग्राम स्टेटस बना चर्चा का विषय
हादसे से पहले प्रवीण कुमार ने अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर एक भावुक स्टेटस पोस्ट किया था। स्टेटस में लिखा था—
“मिस यू पापा… बहुत याद आ रही है आज आपकी, आकर मुझे भी अपने साथ ले जाओ ना… बहुत वक्त हो गया आपसे बात किए हुए।”
यह स्टेटस पोस्ट किए जाने के 21 घंटे के भीतर ही यह हादसा हो गया, जिसके बाद यह पोस्ट चर्चा का विषय बन गई है।
देर रात हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना 13 जनवरी की रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच हुई। मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।