अवैध प्लाटिंग पर नगर निगम की सख्त कार्रवाई, अमलीडीह और बोरियाखुर्द में सड़कें हुई ध्वस्त

रायपुर। शहर में चल रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर निगम रायपुर द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम जोन 10 के नगर निवेश विभाग की टीम ने अमलीडीह और बोरियाखुर्द क्षेत्र में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की।

अमलीडीह में लगभग 4 एकड़ तथा बोरियाखुर्द में करीब 3 एकड़ निजी भूमि पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी। प्लाटिंगकर्ताओं ने नियमों की अनदेखी करते हुए अवैध सड़कें और रास्ते बना दिए थे। सूचना मिलते ही निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध रूप से बनाई गई सड़कों को पूरी तरह काटकर ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान सभी आवागमन मार्ग बंद कर दिए गए, ताकि अवैध प्लाटिंग की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। नगर निवेश विभाग ने रायपुर तहसीलदार को पत्र लिखकर संबंधित निजी भूमि के स्वामित्व और दस्तावेजों की शीघ्र जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

दस्तावेज प्राप्त होने के बाद अवैध प्लाटिंग में संलिप्त लोगों के विरुद्ध राज्य शासन के अधिनियमों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित थाना क्षेत्र में नामजद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जोन कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *