शेयर बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव, भारी गिरावट के बाद सेंसेक्स-निफ्टी जोरदार तेजी के साथ बंद


शेयर बाजार में सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स और निफ्टी में तेज गिरावट दर्ज की गई, लेकिन बाजार बंद होने से पहले अचानक आई तूफानी तेजी ने तस्वीर पूरी तरह बदल दी। अंततः दोनों प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ ग्रीन जोन में बंद हुए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 301 अंकों की मजबूती के साथ बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 107 अंकों की तेजी के साथ क्लोज हुआ। बाजार में आई इस अचानक तेजी के पीछे अमेरिका और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ी खबरों को एक प्रमुख कारण माना जा रहा है।

सोमवार को बाजार में उतार-चढ़ाव की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कारोबार शुरू होते ही सेंसेक्स कुछ ही मिनटों में 500 अंकों से अधिक टूट गया था। सेंसेक्स अपने पिछले बंद 83,576 के मुकाबले 83,435 पर खुला और गिरते हुए 82,861 के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, इसके बाद बाजार की दिशा बदली और सेंसेक्स जोरदार वापसी करते हुए 301 अंकों की बढ़त के साथ 83,878.17 पर बंद हुआ।

निफ्टी की चाल भी लगभग सेंसेक्स जैसी ही रही। 50 शेयरों वाला निफ्टी अपने पिछले बंद 25,683 के मुकाबले 25,669 पर खुला और कुछ ही देर में 210 अंक टूटकर 25,473 के स्तर तक आ गया। बाद में बाजार में आई तेजी के चलते निफ्टी ने भी मजबूती दिखाई और अंत में 107 अंकों की बढ़त के साथ 25,790 पर बंद हुआ।

दिनभर के इस उतार-चढ़ाव ने निवेशकों को चौंकाया, लेकिन अंततः बाजार की मजबूत रिकवरी ने सकारात्मक संकेत दिए।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *