जशपुर: पुआल में जलकर एक व्यक्ति की मौत, आत्महत्या की आशंका

जशपुर। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पूरन तालाब के निकट खेत में रखे पुआल में जलकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मृतक ने पहले कीटनाशक जहर का सेवन किया और उसके बाद आग में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

मृतक की पहचान समसुल्हक खान (50 वर्ष), निवासी बिलाईटांगर, पत्थलगांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार समसुल्हक खान रोजाना प्लास्टिक का सामान लेकर बाजार-हाट में दुकान लगाते थे। शुक्रवार शाम वे घर से यह कहकर निकले थे कि प्रकाश सिंह के गोदाम में हिसाब करने जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिया था।

देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। प्रकाश सिंह से संपर्क करने पर पता चला कि हिसाब पहले ही हो चुका था और समसुल्हक खान वहां से निकल चुके थे, लेकिन उनकी हिसाब की डायरी तथा झोला गोदाम में ही छूट गया था।

तलाश के दौरान जशपुर रोड पर पूरन तालाब के पास मछली बाजार के निकट खेत में उनकी लूना टीवीएस एक्सएल मोटरसाइकिल खड़ी मिली। आसपास खोजबीन करने पर खेत में रखे पुआल में आग लगी दिखाई दी। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि समसुल्हक खान पुआल में जले हुए हालत में थे तथा मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटना के कारणों की जांच जारी रखी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *