दिल्ली। सोशल मीडिया पर इस समय यह दावा तेजी से वायरल हो रहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) मार्च 2026 से 500 रुपये के नोटों का उपयोग बंद कर देगा। हालांकि, सरकार ने इसे पूरी तरह गलत बताया है।
प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने इस दावे का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि RBI ने 500 रुपये के नोटों के बंद होने या वापस लेने के बारे में कोई घोषणा नहीं की है। 500 रुपये के नोट अभी भी कानूनी रूप से वैध हैं और सभी लेनदेन में इस्तेमाल किए जा सकते हैं। PIB ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे अफवाहों पर भरोसा न करें और किसी भी जानकारी को फॉरवर्ड करने से पहले उसकी पुष्टि करें।


यह पहली बार नहीं है जब 500 रुपये के नोट को लेकर अफवाहें सामने आई हैं। इससे पहले भी कई बार सोशल मीडिया पर यह झूठी खबर फैल चुकी है, लेकिन हर बार PIB और सरकार ने इसे स्पष्ट रूप से खारिज किया है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने संसद में भी कहा था कि 500 रुपये के नोटों की आपूर्ति बंद करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि ATM से 100, 200 और 500 रुपये के नोट अभी भी आसानी से निकलवाए जा सकते हैं।