नई दिल्ली। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा के 25 वर्षीय बेटे रायहान वाड्रा ने अपनी सात वर्षों से साथ रही गर्लफ्रेंड अवीवा बेग को शादी के लिए प्रस्ताव दिया, जिसे अवीवा ने स्वीकार कर लिया। दोनों की सगाई हो चुकी है और इस रिश्ते को दोनों परिवारों की सहमति प्राप्त है।
अवीवा बेग दिल्ली की रहने वाली हैं और उनका परिवार वाड्रा परिवार का करीबी है। दोनों परिवारों ने इस रिश्ते को पूर्ण समर्थन दिया है।
फोटोग्राफी के शौकीन हैं रायहान वाड्रा
रायहान वाड्रा पेशे से विजुअल आर्टिस्ट हैं। वे 10 वर्ष की आयु से दुनिया के विभिन्न कोनों की तस्वीरें खींचते रहे हैं। उनका फोकस वाइल्डलाइफ, कमर्शियल और स्ट्रीट फोटोग्राफी पर रहता है। 2017 में एक स्कूल क्रिकेट मैच के दौरान उनकी आंख में चोट लगी थी, लेकिन उन्होंने अपना जुनून नहीं छोड़ा। वे कई प्रदर्शनियों में भाग ले चुके हैं। 2021 में नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में ‘डार्क परसेप्शन’ नामक अपनी पहली सोलो प्रदर्शनी से उन्होंने डेब्यू किया था।
मां प्रियंका और नाना राजीव गांधी से मिली प्रेरणा
रायहान का कहना है कि उनकी मां प्रियंका गांधी वाड्रा ने बचपन से ही उन्हें फोटोग्राफी के लिए प्रेरित किया। उनके नाना पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को भी फोटोग्राफी का शौक था। रायहान इस पारिवारिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। उनकी मंगेतर अवीवा बेग भी फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर हैं।