जशपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज झारखंड दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह अंतर्राज्यीय जन संस्कृति समागम समारोह ‘कार्तिक जतरा’ में शामिल होंगी, जो झारखंड के मांझाटोली में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति पहले छत्तीसगढ़ के जशपुर पहुंचेंगी। जशपुर के आगडीह हवाई पट्टी पर उतरने के बाद वह सड़क मार्ग से मांझाटोली के लिए रवाना होंगी। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा के मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जशपुर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आगडीह हवाई पट्टी सहित पूरे मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। राष्ट्रपति जशपुर से लगभग 21 किलोमीटर सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक जाएंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी इस अवसर पर कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे सुबह 11.20 बजे स्वर्गीय कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद 11.40 बजे बगीचा और रायडीह में आयोजित अंतरराज्यीय जनसांस्कृतिक संगम समारोह में पहुंचेंगे। कार्यक्रम में झारखंड और ओडिशा के मुख्यमंत्री भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ मौजूद रहेंगे।