मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 22 दिसंबर 2025। जिले के ग्राम सीतागांव में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने सुरक्षा बलों पर लाठी-डंडे भी चलाए। बड़ी संख्या में महिलाएं विरोध में सबसे आगे थीं, जिसके सामने प्रशासन बेबस नजर आया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बल बुलाने पड़े। कई जवानों के घायल होने की सूचना है। बाद में प्रशासन से वार्ता के बाद ग्रामीण शांत हुए।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह संयुक्त टीम पूर्व में जारी नोटिस के आधार पर सीतागांव में वन भूमि पर बने मकानों और झोपड़ियों को हटाने पहुंची थी। वन विभाग ने 13 मकानों को हटाने का नोटिस पहले ही जारी किया था। जेसीबी से कार्रवाई शुरू होते ही विवाद खड़ा हो गया और पूरा गांव एकत्रित हो गया।
टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। हालात बिगड़ते देख सुरक्षा बल भेजा गया, लेकिन ग्रामीण और आक्रोशित हो गए। महिलाएं पत्थर लेकर दौड़ पड़ीं। सुरक्षा बलों के लिए भी स्थिति संभालना मुश्किल हो गया। करीब एक घंटे तक हालात तनावपूर्ण बने रहे।