रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप की माता मानकी देवी कश्यप का रविवार को निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ थीं और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती थीं। उनके निधन से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।
मंत्री केदार कश्यप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से माताजी के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि उनकी पूज्य माताजी मानकी देवी कश्यप का देहांत हो गया है। उन्होंने बताया कि दोपहर 3:30 बजे तक गृहग्राम भानपुरी फरसागुड़ा निवास में अंतिम दर्शन किए जा सकते हैं।
रविवार शाम 4 बजे बस्तर जिले के गृहग्राम भानपुरी फरसागुड़ा में मानकी देवी कश्यप का अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्री केदार कश्यप की माता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।