रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार कल यानी 3 दिसंबर को महत्वपूर्ण कैबिनेट की बैठक आयोजित करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक बुधवार सुबह 11 बजे मंत्रालय के मंत्रिपरिषद कक्ष में शुरू होगी। बैठक में राज्य प्रशासन से जुड़े कई प्रमुख विषयों पर चर्चा की जा सकती है।
बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के कार्यक्रमों, प्रशासनिक फैसलों और कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बैठक में वित्त, अवसंरचना, कृषि, उद्योग, ऊर्जा समेत अन्य प्रमुख विभागों के कई जरूरी एजेंडा पेश किए जाएंगे।
योजनाओं का होगा मूल्यांकन
राज्य में चल रही कई जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही, बजट में शामिल होने वाली नई नीतियों और परियोजनाओं पर भी निर्णय की प्रक्रिया तेज की जा सकती है।सरकार के विकास रोडमैप को गति देने के लिए निवेश आकर्षण, रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और बुनियादी ढांचा उन्नयन से जुड़े प्रस्ताव भी मेज पर आ सकते हैं।
200 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले राज्य के 45 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को दिसंबर महीने से बिजली बिल हाफ योजना का लाभ मिलने लगेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा के विशेष सत्र के समापन पर इसकी घोषणा की थी। अब इस पर कल होने वाली कैबिनेट की होने बैठक में मुहर लगना शेष है।
बैठक में कानून-व्यवस्था, लोक सेवा प्रबंधन और प्रशासनिक सुधार को मजबूत करने पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री साय की सरकार राज्य में विकास को नए आयाम देने के लक्ष्य के साथ हाल के दिनों में कई योजनाएं शुरू कर चुकी है।इन योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने और उनके लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति भी बैठक के महत्वपूर्ण बिंदुओं में शामिल होगी।