गोवा में 77 फीट ऊंची विश्व की सबसे बड़ी राम प्रतिमा का प्रधानमंत्री ने किया अनावरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के पर्तगाली स्थित श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ में भगवान श्रीराम की 77 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा का अनावरण किया। यह प्रतिमा अब तक स्थापित भगवान राम की सबसे ऊंची प्रतिमा मानी जा रही है। इसे प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार ने तैयार किया है, जिन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का डिजाइन भी बनाया था।

अनावरण समारोह के बाद प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगली जीवोत्तम मठ अपनी स्थापना के 550 वर्ष पूरे कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस लंबे कालखंड में मठ ने समय के अनेक बदलावों का सामना किया, फिर भी अपनी आध्यात्मिक दिशा को बनाए रखा और समाज को मार्गदर्शन देने वाले केंद्र के रूप में उभरा। प्रधानमंत्री ने इसे मठ की सबसे बड़ी पहचान बताया।

इससे पूर्व प्रधानमंत्री ने मठ परिसर में स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की। यह मठ देश के प्राचीनतम मठवासी संस्थानों में माना जाता है और अपने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक योगदान के लिए प्रसिद्ध है। गौड़ सारस्वत ब्राह्मण समुदाय का यह पहला वैष्णव मठ माना जाता है, जो द्वैत वेदांत परंपरा का अनुसरण करता है। मठ का मुख्यालय दक्षिण गोवा के पर्तगली कस्बे में कुशावती नदी के किनारे स्थित है और सदियों से एक प्रतिष्ठित आध्यात्मिक केंद्र रहा है।

गोवा लोक निर्माण विभाग मंत्री दिगंबर कामत के अनुसार मठ परिसर का पूर्ण जीर्णोद्धार कर इसे आधुनिक रूप दिया गया है। अनावरण समारोह में गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *