पटना। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली नई सरकार कुछ देर में शपथ लेने जा रही है। मंत्रिमंडल गठन को लेकर गठबंधन दलों के बीच सहमति बन गई है, जिसके तहत इस बार कैबिनेट में नए और पुराने चेहरों का मिश्रण देखने को मिल सकता है।
सूत्रों के अनुसार, नई सरकार में भारतीय जनता पार्टी को सबसे अधिक प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना है। बताया जा रहा है कि बीजेपी के कोटे से 17 मंत्री शामिल किए जाएंगे, जबकि जनता दल यूनाइटेड से कुल 15 मंत्री बनाए जाएंगे। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) से 2, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और रालोसपा से एक-एक मंत्री मंत्रिमंडल में जगह पाएंगे।
जानकारी के अनुसार, स्पीकर पद भी बीजेपी के पास रहेगा। उपमुख्यमंत्री पद के लिए बीजेपी के नेताओं सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह से पूर्व मंत्री पदों के बंटवारे को लगभग अंतिम रूप दे दिया गया है, जिसके बाद सरकार के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।