रायपुर. प्रदेश में नवंबर के मध्य में ही दिसंबर जैसी सर्दी महसूस की जा रही है। रायपुर सहित अधिकांश जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया है। सरगुजा संभाग में सोमवार को शीतलहर चली, जबकि बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर का प्रभाव देखा गया। मौसम विभाग ने आज भी उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में शीतलहर की संभावना व्यक्त की है। दो दिन बाद शीतलहर का प्रभाव केवल उत्तरी भाग तक सीमित रहने की उम्मीद है। विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे तक न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम 28.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 13.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज किया गया।
18 नवंबर तक इन क्षेत्रों में शीतलहर का अलर्ट
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना है।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी में आज आकाश साफ रहने का अनुमान है। तापमान 13 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।