रायपुर। उत्तर भारत से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं ने छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव तेज कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड महसूस होने लगी है। लोग स्वेटर और जैकेट का उपयोग कर रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर रात में अलाव जलाकर ठंड से राहत ली जा रही है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 8.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग ने कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर से लगातार ठंडी और शुष्क हवाएं आ रही हैं, जिससे न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि तापमान में बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है।
रायपुर में रहेगा साफ मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। शहर में दिन का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। रात के तापमान में गिरावट के चलते ठंड का प्रभाव बढ़ेगा।