रायपुर। यदि आपके घर में सिलेंडर की होम डिलीवरी हो रही है, तो ग्राहकों को सतर्क रहने की जरूरत है। एचपीसीएल, बीपीसीएल और इंडियन ऑयल के गैस वितरक कमीशन बढ़ाने की मांग पूरी न होने पर होम डिलीवरी बंद करने की चेतावनी दे रहे हैं।
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अनुसार, विरोध प्रदर्शन तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में गैस एजेंसी संचालक और स्टाफ काली पट्टी बांधकर काम कर रहे हैं। दूसरे चरण में 29 अक्टूबर को राज्यभर के जिला मुख्यालयों में मशाल और मोमबत्ती जलाकर प्रदर्शन किया जाएगा। तीसरे चरण में 6 नवंबर से “नो मनी, नो इंडेंट” नीति लागू की जाएगी, यानी एडवांस राशि जमा नहीं की जाएगी। यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी और होम डिलीवरी पूरी तरह बंद हो जाएगी।
रायपुर जिले में ही तीनों कंपनियों के 3 लाख से अधिक ग्राहक हैं। डिलीवरी बंद होने की स्थिति में नवंबर के पहले सप्ताह में ग्राहकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। वितरकों का कहना है कि कमीशन नहीं बढ़ाया जा रहा, जबकि डीजल, स्टाफ की सैलरी और बिजली बिल जैसे खर्चों में वृद्धि हो चुकी है।