रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने दीपावली पर्व को देखते हुए प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए अक्टूबर माह का वेतन अग्रिम देने का निर्णय लिया है। कर्मचारियों को 17 और 18 अक्टूबर को वेतन का भुगतान किया जाएगा। वित्त विभाग ने इस संबंध में सभी विभागाध्यक्षों और कलेक्टर्स को आदेश जारी कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस फैसले की जानकारी X (Twitter) पर साझा करते हुए लिखा कि दीपावली के शुभ अवसर पर सभी शासकीय कर्मचारियों और उनके परिवारों को मेरी अग्रिम शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के परिश्रम, निष्ठा और समर्पण से ही छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह निर्णय कर्मचारियों के उत्साह और त्योहार की खुशियों को बढ़ाने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने कहा कि शासन केवल तंत्र नहीं, बल्कि कर्मठ साथियों का परिवार है, और इसका उद्देश्य हर घर में उजियारा और प्रसन्नता फैलाना है।