रायपुर: सिलतरा क्षेत्र में एक निजी स्टील फैक्ट्री में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ, जिसमें गर्म लोहा गिरने से 6 कर्मचारियों की मौत हो गई। मृतकों में 2 मैनेजर शामिल हैं। हादसे में 6 अन्य कर्मचारी घायल हुए, जिनमें 2 की हालत नाजुक है। घायलों का इलाज देवेंद्र नगर के निजी अस्पताल में चल रहा है। यह घटना धरसींवा थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि मेंटेनेंस कार्य के दौरान यह हादसा हुआ। फैक्ट्री में छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और आंध्र प्रदेश के कर्मचारी काम कर रहे थे। उन्होंने 5 घायलों से मुलाकात की, जो अब स्थिर हैं, लेकिन कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
स्थानीय और परिजनों ने फैक्ट्री घेरी
हादसे के बाद भारी संख्या में स्थानीय लोग और मृतकों के परिजनों ने फैक्ट्री को घेर लिया। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, एसडीएम और टीआई मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री निर्माणाधीन थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर शोक जताया और प्रशासन को घायलों के इलाज के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अचानक हादसा, संभलने का मौका नहीं
विधायक अनुज शर्मा के अनुसार, हादसे के समय डिप्टी लेवल कर्मचारी, फोरमैन और सफाई कर्मचारी मौजूद थे। कर्मचारियों को घटना का कोई अंदाजा नहीं था, और यह सब इतनी तेजी से हुआ कि संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे की वजह जानने के लिए जांच शुरू की जाएगी, जिससे तथ्य स्पष्ट होंगे।