रायपुर। रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने रजनी ताई के बड़े बेटे जगदीश उपासने को पत्र लिखकर संवेदनाएं प्रकट कीं और इस कठिन समय में परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति जताई।

अपने पत्र में प्रधानमंत्री ने लिखा कि रजनी ताई का जीवन सेवा, संस्कार और राष्ट्रवादी विचारधारा के लिए समर्पित रहा। वे भारतीय जनसंघ से जुड़कर समाज को राष्ट्रहित में प्रेरित करती रहीं। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए वे भूमिगत आंदोलन में सक्रिय रहीं और जेल भी गईं। विधायक के रूप में उन्होंने क्षेत्र के विकास और महिलाओं की प्रगति में अहम भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके द्वारा किए गए समाजसेवी कार्य हमेशा याद किए जाएंगे और उनका निधन समाज के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोक संतप्त परिवार और शुभचिंतकों को धैर्य और संबल प्रदान करें। रजनी ताई का योगदान और जीवन मूल्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।