सक्ती विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरण दास महंत ने पेपर लीक मामले को लेकर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा देशभर में पेपर लीक के मामलों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रायपुर में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने राहुल गांधी के “छात्रों की गूंज” अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि देश में पेपर लीक एक महामारी बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सत्ता के संरक्षण में पनपने वाला संगठित अपराध है, जो लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है।
रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. चरणदास महंत ने दावा किया कि वर्ष 2014 से अब तक देशभर में 152 पेपर लीक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और छात्रों का भविष्य दांव पर लगाया जा रहा है। महंत ने आरोप लगाया कि शिक्षा का बाजारीकरण और निजीकरण तेजी से बढ़ रहा है, जिसे कांग्रेस समाप्त करना चाहती है।
महंत ने कहा राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया “छात्रों की गूंज” अभियान छात्रों की आवाज़ को देशभर में बुलंद करने का प्रयास है। कांग्रेस इस अभियान को सभी राज्यों में चलाएगी और युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, प्रभावित छात्रों को मुआवजा देने और इस मुद्दे पर देशव्यापी जन आंदोलन चलाने की बात कही। इस दौरान महंत ने प्रधानमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “इतनी हत्याओं को साथ में लेकर कैसे विश्वगुरु बनेंगे, यह वही जानें।”