बच्चों को सरकारी नौकरी दिलाने का दिया था झांसा, नगद और ऑनलाइन किश्तों में वसूले थे रुपये
रमेश गुप्ता.भिलाई। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3.19 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने प्रार्थी के बच्चों को सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग किश्तों में नगद और ऑनलाइन माध्यम से 3,19,050 रुपए वसूल लिए थे। नौकरी नहीं मिलने और रकम वापस नहीं करने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, अटल आवास जामुल निवासी लोमेश वासनिक (54) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय दुर्ग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके घर के पास रहने वाले मनोज केशरवानी ने उसके बच्चों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 17 अगस्त 2025 से 20 अप्रैल 2026 के बीच अलग-अलग किश्तों में नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से कुल 3,19,050 रुपए प्राप्त किए। इसके बाद न तो नौकरी दिलाई और न ही रकम लौटाई। पैसे मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और अपने निवास से भी गायब हो गया।
धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर शुरू की गई जांच
शिकायत के आधार पर थाना जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 537/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला कायम किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर 28 जुलाई 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।
नौकरी का लालच देकर ऐंठी रकम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पीड़ित का विश्वास जीतकर अलग-अलग समय पर नकद और ऑनलाइन भुगतान के जरिए रकम प्राप्त की। बाद में उसने न तो नौकरी दिलाई और न ही ली गई राशि वापस की।
साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में दस्तावेजी एवं अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। प्रकरण की विस्तृत विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।