भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की पहली कार्यसमिति बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण पर जोर

कृष्ण कुमार राय सहित वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का किया मार्गदर्शन, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान।

जशपुर। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा जिला जशपुर की प्रथम कार्यसमिति एवं परिचयात्मक बैठक जिला भाजपा कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अल्पसंख्यक समाज तक पहुंचाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, सुशासन और अंत्योदय के मूल मंत्र पर कार्य करने वाला संगठन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के बीच निरंतर सक्रिय रहकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने तथा जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए कार्य करना चाहिए।

जिला भाजपा महामंत्री मुकेश शर्मा ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और विचार आधारित संगठन है। संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को नियमित जनसंपर्क, सक्रिय संगठनात्मक गतिविधियों तथा टीम भावना के साथ कार्य करना आवश्यक है।

अल्पसंख्यक मोर्चा जिला प्रभारी कमरुद्दीन अंसारी, जिलाध्यक्ष हदीस अंसारी, छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के सदस्य फैज़ान सरवर खान, मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष असलम आज़ाद एवं ज़मीर इस्लाम जिन्ना ने कहा कि भाजपा की रीति-नीति और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, अल्पसंख्यक समाज के बीच निरंतर संवाद स्थापित करने तथा सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ कार्य करते हुए भाजपा को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला भाजपा मंत्री संतोष सिंह, मोर्चा जिला महामंत्री मनव्वर आज़ाद, शहर मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी, शारदा प्रधान, उस्मान कुरैशी, एडवोकेट सलमा खान, विनोद अयाज़ टोप्पो, कलीम अंसारी, जुनैद अहमद, फिरदौस खान, अब्दुल अज़ीज़, अब्दुल कुद्दुस, औरंगज़ेब शाह, राजा सोनी, दीपक गुप्ता, सतीश मिंज, बेंजामिन कुजूर, राजीव बरवा, अब्दुल्ला राईन,मुस्तकीम खान सहित मोर्चा के जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *