मो. असीम राजा
सारंगढ़. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के अपने पद से इस्तीफा देने के बाद देश भर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले में भी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक बड़ा जुलूस निकाला और इसे छात्रों के संघर्ष की जीत बताया.
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के नेतृत्व में यह विजय मार्च निकाला गया. कार्यकर्ताओं ने सारंगढ़ के मुख्य जयस्तंभ चौक पर कैंडल जलाकर अपनी खुशी का इजहार किया और सरकार के खिलाफ नारे लगाए. यह मार्च शहर के कई प्रमुख मार्गों से होते हुए जनपद पंचायत कार्यालय तक पहुंचा, जहां बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने कैंडल जलाकर इसका समापन किया गया.
इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े ने छात्रों के लंबे संघर्ष की सराहना की. उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों के साथ जो बर्बरता हुई थी, उसके बावजूद उनके हौसले ने सरकार को झुका दिया है और अंततः मंत्री को अपना पद छोड़ना पड़ा है. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब-जब युवा और छात्र वर्ग सड़कों पर उतरता है, तब-तब बड़ी सरकारों को उनकी मांगें माननी ही पड़ती हैं.
कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिदार और राकेश पटेल ने सभी कार्यकर्ताओं और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया. इस मार्च में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षद, जिला पंचायत सदस्य और युवा कार्यकर्ता शामिल रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ इस जीत का जश्न मनाया.