नीट मुद्दे पर दिल्ली से रायपुर तक संग्राम! कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, सड़क पर बैठे नेता

रायपुर: दिल्ली में नीट (NEET) परीक्षा मामले पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सियासी संग्राम छिड़ गया है। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को हिरासत में लिए जाने की खबर आते ही कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और उग्र प्रदर्शन किया।

लोकभवन घेराव के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की

दिल्ली में हुई कार्रवाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अंबेडकर चौक पर जमा हुए और वहां से केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकभवन का घेराव करने निकले। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत इस्तीफा दें और छात्रों पर दर्ज किए गए सभी मामले वापस लिए जाएं।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को लोकभवन पहुंचने से पहले ही बैरिकेडिंग करके रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी धक्का-मुक्की हुई। आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद आक्रोशित कांग्रेस नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।

भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर दी हिरासत की जानकारी

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हिरासत में लिए जाने के बाद सोशल मीडिया के जरिए बताया कि दिल्ली पुलिस उन्हें और अन्य वरिष्ठ नेताओं को बस में बैठाकर एयरपोर्ट की तरफ ले जा रही है। उन्होंने आरोप भी लगाया कि कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने उनका एक जूता भी निकाल लिया।

संसद से लेकर सड़कों तक नीट मामले पर घमासान

उल्लेखनीय है कि नीट परीक्षा में गड़बड़ी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रधानमंत्री आवास के पास धरने पर बैठे थे। विरोध जताने के लिए राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई नेताओं ने अपने हाथ रस्सियों से बांध रखे थे। करीब तीन घंटे चले इस धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, डी.के. शिवकुमार और भूपेश बघेल सहित कई सांसदों को हिरासत में ले लिया।

धरने के दौरान राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा था कि यदि केंद्र सरकार संसद में नीट मामले पर चर्चा कराने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का आश्वासन दे देती है, तो वे प्रदर्शन समाप्त कर देंगे। रायपुर सहित पूरे प्रदेश में इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *