दुर्ग में महिला हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा: दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर पत्थर से कुचलकर की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

रमेश गुप्ता

भिलाई। पुलगांव थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का दुर्ग पुलिस ने चंद घंटों की गहन विवेचना के बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने पहले महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर गमछे से गला घोंटने के बाद बड़े पत्थर से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले का पर्दाफाश किया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।

मजदूरी के लिए निकली थी महिला, झाड़ियों में मिला शव

पुलिस के अनुसार 16 जुलाई की सुबह भगवंतीन साहू रोज की तरह मजदूरी के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी थाना सिटी कोतवाली में दर्ज कराई।

इसी बीच पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखे शव की पहचान परिजनों ने भगवंतीन साहू के रूप में की। पोस्टमार्टम में सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटों के साथ हत्या की पुष्टि होने पर पुलगांव थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ से खुला राज

एडिशनल एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके अलावा स्थानीय लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की गई।

तकनीकी विश्लेषण और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह हर्ष यादव (19) निवासी पीसेगांव और नितेश ठाकुर (20) निवासी चंदखुरी पर गया। दोनों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई। पहले दोनों पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन साक्ष्यों के सामने आखिरकार उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान ले गए

दुर्ग नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहरा ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे शराब पीते हुए मोटरसाइकिल से घूम रहे थे। तहसील कार्यालय के सामने उनकी मुलाकात महिला से हुई। दोनों ने महिला को पैसे देने का लालच दिया और ई-रिक्शा से पुलगांव नाला के पुराने पुल के पास सुनसान इलाके में ले गए।

वहां दोनों ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने विरोध करते हुए पुलिस में शिकायत करने और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इसी डर से दोनों ने उसकी हत्या करने का फैसला कर लिया।

पहले गला घोंटा, फिर पत्थर से कुचल दिया

पुलिस के मुताबिक आरोपी हर्ष यादव ने पहले गमछे से महिला का गला दबाया। इसके बाद नितेश ठाकुर ने पास में पड़े बड़े बोल्डर पत्थर से महिला के सिर और चेहरे पर कई वार किए। बाद में हर्ष यादव ने भी उसी पत्थर से वार किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद दोनों आरोपी पैदल पुलगांव चौक पहुंचे और वहां से लिफ्ट लेकर चंदखुरी चले गए। बाद में दोनों ने अपने कपड़े बदलकर और धोकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की।

आरोपियों की निशानदेही पर अहम साक्ष्य बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की विवेचना अभी भी जारी है।

पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से सुलझा अंधा कत्ल

दुर्ग पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में वैज्ञानिक जांच, तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और लगातार पूछताछ को सफलता की कुंजी बताया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज कुछ ही समय में हत्या की पूरी वारदात का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *