जशपुर: कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर रोहित व्यास ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्था, समयपालन और ई-गवर्नेंस को मजबूत करने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही है।
सुबह 10 बजे आधार उपस्थिति अनिवार्य
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुबह 10 बजे कार्यालय पहुँचकर आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, शाम 5:30 बजे कार्यालय समाप्ति पर भी उपस्थिति दर्ज करके ही जाने का आदेश दिया गया है। 15 अगस्त के बाद से जिन कर्मचारियों की आधार उपस्थिति दर्ज नहीं होगी, उनके उस दिन के वेतन की कटौती की जाएगी।
लंच टाइम सिर्फ आधा घंटा, बाहर जाने पर रोक
कर्मचारियों के लिए लंच टाइम केवल आधा घंटा तय किया गया है। बाहर से आने वाले कर्मचारियों को अपना लंच बॉक्स साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि लंच टाइम में अनावश्यक रूप से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी, ताकि दूर-दराज से आने वाले आम नागरिकों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े।

ई-ऑफिस से ही चलेगी फाइल, 3 दिन की समय-सीमा
शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाने के लिए ई-ऑफिस और ई-एचआरएमएस (e-HRMS) के माध्यम से ही फाइलें भेजने के निर्देश जारी किए गए हैं। ई-फाइल या डाक प्राप्त होने के 3 दिन के भीतर उसे प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा और हार्ड कॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी। किसी भी विभाग में नस्ती लंबित पाए जाने पर जवाबदेही तय होगी। इसके अलावा, कर्मचारी किसी भी काम से बाहर जाने से पहले विभाग प्रमुख को सूचित करेंगे।
शौचालयों की दिन में दो बार सफाई और शालीन व्यवहार
कलेक्टोरेट परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी शौचालयों की सुबह और दोपहर में दिन में दो बार नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, कलेक्टर ने सभी कर्मचारियों को कार्यालय आने वाले आम नागरिकों के साथ शालीनता और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने की हिदायत दी है।
बैठक में अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा सहित सभी विभागों के सहायक ग्रेड-1, 2 और 3 के कर्मचारी उपस्थित रहे।