भानुप्रतापपुर। क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में गोदावरी आरीडोंगरी माइंस कच्चे प्रबंधन ने भानुप्रतापपुर को नई एम्बुलेंस उपलब्ध कराई। माइंस के प्रेसीडेंट केके झा ने एम्बुलेंस की चाबी भानुप्रतापपुर परिवहन संघ के अध्यक्ष गुरदीप सिंह ढींडसा को सौंपी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक सावित्री मंडावी सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने हरी झंडी दिखाकर एम्बुलेंस को रवाना किया।
विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि नई एम्बुलेंस मरीजों और उनके परिवारों के लिए आशा की नई किरण साबित होगी तथा समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी परिवहन संघ द्वारा संचालित एम्बुलेंस और स्वर्गरथ वाहन समाज की निस्वार्थ सेवा कर रहे हैं। उन्होंने हीरा ग्रुप और परिवहन संघ की सराहना करते हुए कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।”
भानुप्रतापपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था वेंटिलेटर पर
विधायक मंडावी ने कहा कि भानुप्रतापपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था स्वयं वेंटिलेटर पर है और अस्पताल में लापरवाही के कारण आए दिन दुखद घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने माइंस प्रबंधन से भानुप्रतापपुर अस्पताल को गोद लेकर उसकी व्यवस्थाओं में सुधार करने का आग्रह किया। साथ ही एम्बुलेंस चालक संतु जांगड़े के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए अपनी विधायक निधि से 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने भानुप्रतापपुर में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने की मांग को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही।
जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी ने कहा कि क्षेत्र में संचालित माइंस रोजगार के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी सुविधाओं में भी योगदान दे रही हैं तथा वृक्षारोपण को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल सिंह राठौर ने कहा कि यह केवल एक वाहन का उद्घाटन नहीं, बल्कि मानव सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण है। उन्होंने भी ट्रांसपोर्ट नगर के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी।
जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनाराम तेता ने कहा कि माइंस प्रबंधन जनहित के कार्य कर रहा है और नई एम्बुलेंस से ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील पाढ़ी ने कहा कि परिवहन संघ द्वारा पिछले छह वर्षों से संचालित एम्बुलेंस सेवा हजारों लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित हुई है।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रचार-प्रसार मंत्री नरोत्तम सिंह चौहान ने मुक्तांजलि वाहन की आवश्यकता बताते हुए कहा कि माइंस प्रबंधन शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में भी सराहनीय कार्य कर रहा है। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र शर्मा, आभार राजकुमार दुबे ने किया। कार्यक्रम में परिवहन संघ के पदाधिकारी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, परिवहन संघ के सदस्य, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मानव सेवा के लिए समर्पित है परिवहन संघ – ढींडसा
परिवहन संघ के अध्यक्ष गुरदीप सिंह ढींडसा ने बताया कि वर्ष 2020 से संघ चालक सहित निशुल्क एम्बुलेंस सेवा संचालित कर रहा है, जिससे अब तक हजारों मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। इसके अलावा संघ द्वारा स्वर्गरथ वाहन भी संचालित किया जा रहा है तथा जल्द ही शव संरक्षण के लिए फ्रीजर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने एम्बुलेंस, स्वर्गरथ और फ्रीजर रखने के लिए भवन एवं भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी तथा नई एम्बुलेंस उपलब्ध कराने पर केके झा का आभार व्यक्त किया।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा माइंस प्रबंधन – झा
गोदावरी आरीडोंगरी माइंस कच्चे के प्रेसीडेंट के.के. झा ने कहा कि माइंस प्रबंधन शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। भानुप्रतापपुर और दुर्गुकोंदल क्षेत्र के लगभग 70 स्कूलों में विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि भानुप्रतापपुर में डायग्नोस्टिक सेंटर भी माइंस प्रबंधन द्वारा स्थापित कराया गया है, जो वर्तमान में संचालित है। नगर में भविष्य की विकास योजनाओं को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष से चर्चा हुई है और आगे भी जनहित के कार्यों में हर संभव सहयोग जारी रहेगा।