मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी): मनेन्द्रगढ़ में तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार जेसीबी ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए रेफर किया गया है। घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
गलत दिशा से आ रही जेसीबी ने मारी टक्कर
यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार रात करीब 8:20 बजे का है। जानकारी के अनुसार, राघवेंद्र और सागर नाम के दो युवक आस्था रेस्टोरेंट से स्कूटी पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आ रही एक तेज रफ्तार जेसीबी (क्रमांक MP-65-DA-0197) ने उनकी स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
एक की मौत, दूसरा अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल युवकों को मनेन्द्रगढ़ अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद राघवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे युवक सागर की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहा है।
थाने के सामने धरने पर बैठे परिजन और ग्रामीण
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण और आक्रोशित परिजन मनेन्द्रगढ़ थाने पहुंच गए और परिसर में ही धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों की मांग है कि आरोपी जेसीबी चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित न्याय व मुआवजा दिलाया जाए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी जेसीबी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना सहायक उप-निरीक्षक (ASI) अभिषेक पांडेय द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।