सरस्वती साइकिल वितरण, छात्राओं को शिक्षा के लिए किया गया प्रोत्साहित

भानुप्रतापपुर। पीएम श्री विद्यालय, भानुप्रतापपुर में राज्य शासन की सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं की विद्यालय तक सुरक्षित एवं सुगम पहुंच सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल सिंह राठौर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नरोत्तम सिंह चौहान ने की। विशिष्ट अतिथियों में पार्षद रजिंदर रंधावा, पार्षद सुमित्रा साहू, अशोक सोलंकी एवं नरेंद्र शर्मा शामिल रहे।

विद्यालय के प्राचार्य पी.आर. भारद्वाज ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सरस्वती साइकिल वितरण योजना बालिकाओं के शैक्षिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना से दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं की विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और वे अधिक आत्मविश्वास के साथ अपनी शिक्षा जारी रख सकेंगी।

इस अवसर पर अतिथियों ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शासन की ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों का सफल आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *