बेमेतरा ! जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा की मासिक जिला कार्यकारिणी बैठक जिला अध्यक्ष आशीष छाबड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे एवं पूर्व विधायक गुरुदयाल बंजारे ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
बैठक में नकटी गांव में 85 मकानों को तोड़े जाने की घटना की निंदा करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही खरीफ सीजन में खाद-बीज की कमी, अघोषित बिजली कटौती और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर सरकार को घेरने तथा किसानों के हित में चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया।
जिला अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और नियमित बैठकों पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर कांग्रेस की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।