मोटोरोला भारतीय बाजार में अपनी जी-सीरीज का एक और नया स्मार्टफोन लॉन्च करने जा रहा है। इस बार कंपनी मोटो जी77 पावर के नाम से नया फोन पेश करने वाली है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर साफ कर दिया है कि यह स्मार्टफोन 8 जुलाई को भारत में लॉन्च होगा। नया हैंडसेट बड़ी बैटरी, हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और लेटेस्ट एंड्रॉयड सॉफ्टवेयर से लैस होगा। लॉन्च के बाद आप इस फोन को ई-कॉमर्स वेबसाइट फ्लिपकार्ट, मोटोरोला की आधिकारिक वेबसाइट और नजदीकी दुकानों से खरीद पाएंगे।
मिलेगा शानदार और मजबूत डिस्प्ले
इस फोन में 6.72 इंच का फुल एचडी प्लस डिस्प्ले देखने को मिल सकता है, जो 120हर्ट्ज रिफ्रेश रेट के साथ आएगा। रिफ्रेश रेट का मतलब होता है कि स्क्रीन एक सेकंड में कितनी बार खुद को बदलती है, जितना ज्यादा नंबर होगा फोन चलाने में उतना ही स्मूथ लगेगा। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए इसमें कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास मिल सकता है जो इसे स्क्रैच से बचाएगा। फ्रंट में पंच-होल डिजाइन मिलेगा यानी सेल्फी कैमरे के लिए स्क्रीन में छोटा सा छेद होगा, जिससे वीडियो देखने का अनुभव बेहतर हो जाता है।
3 दिन तक चलेगी फोन की बैटरी
इस डिवाइस की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7000एमएएच की बड़ी बैटरी होगी। कंपनी का दावा है कि यह फोन सामान्य इस्तेमाल में 3 दिन तक का बैकअप आसानी से दे सकता है। फोन में चार्जिंग के लिए यूएसबी टाइप-सी पोर्ट दिया गया है, जो टर्बोपावर फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आएगा। इससे आपका फोन बहुत ही कम समय में फुल चार्ज हो जाएगा।
फोटोग्राफी के लिए 50 मेगापिक्सल का कैमरा
फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए मोटो जी77 पावर में 50 मेगापिक्सल का सोनी का प्राइमरी यानी मुख्य कैमरा मिलने वाला है। इसके साथ ही फोन में 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड लेंस मिलेगा, जिससे आप एक ही फ्रेम में ज्यादा बड़ी जगह की फोटो ले सकेंगे। रात में रोशनी के लिए एलईडी फ्लैश भी दी गई है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में सामने की तरफ 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिल सकता है।
सिनेमा जैसा मिलेगा ऑडियो का मजा
बेहतर आवाज के लिए फोन में डुअल स्टीरियो स्पीकर्स दिए गए हैं, जो डॉल्बी एटमॉस और हाई-रेज ऑडियो सपोर्ट के साथ आते हैं। इसका सीधा मतलब यह है कि फोन पर गाने सुनते समय या फिल्म देखते समय आपको बिल्कुल सिनेमा हॉल जैसा सराउंड साउंड का अनुभव मिलेगा। इसके अलावा ईयरफोन लगाने के लिए 3.5एमएम का हेडफोन जैक भी मौजूद रहेगा।
मिलिट्री ग्रेड मजबूती और 3 खूबसूरत रंग
इस बार फोन के पीछे की तरफ चौकोर कैमरा सेटअप मिलने वाला है। यह स्मार्टफोन पिंक, ब्लू और डार्क ब्लैक जैसे 3 खूबसूरत रंगों में बाजार में आ रहा है। इसके साथ ही फोन में मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी मिलने वाली है। इसका मतलब है कि फोन को खास तकनीकों से इतना मजबूत बनाया गया है कि यह आसानी से टूटेगा नहीं और रोजमर्रा के इस्तेमाल में गिरने या झटके लगने पर भी सुरक्षित रहेगा। यह फोन एंड्रॉयड 16 पर आधारित हेलो यूजर इंटरफेस पर काम करेगा।