मुंबई के चेंबूर इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां रोड नंबर 11 पर एक स्कूल बस के ऊपर अचानक एक भारी-भरकम पेड़ गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में एक स्कूली बच्चे की जान चली गई है, जबकि 10 अन्य बच्चे घायल हुए हैं। हादसे के वक्त इस बस में कुल 13 बच्चे सवार थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बीएमसी की लापरवाही पर भड़के लोग
इस हादसे के बाद से इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार बृहन्मुंबई नगर निगम यानी बीएमसी को इस खतरे के बारे में चिट्ठी लिखी थी। लोगों ने नगर निगम से खतरनाक हो चुके पेड़ों की डालियां काटने या उन्हें वहां से हटाने की मांग की थी। लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। नगर निगम को कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया और आज यह बड़ा हादसा हो गया।
मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट
इस बीच मौसम विभाग ने मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आज मुंबई में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन भी अलर्ट पर है, लेकिन स्थानीय लोग इस हादसे के लिए पूरी तरह से नगर निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।