चिकित्सा उपकरणों के संवर्धन उत्पादन पर आत्मनिर्भर होना सबसे अहम :बृजमोहन अग्रवाल

उत्पादन संबद्ध प्रोत्साहन योजना पीएलआई सहित एक्टिव दवाईयों को तैयार करने में उपयोगी तत्वों की उपलब्धता और उत्पादन पर भी ध्यान जरूरी

रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल रसायन एवं उर्वरक संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में हुए शामिल

नई दिल्ली, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने चिकित्सा उपकरणों के संवर्धन उत्पादन पर आत्मनिर्भरता पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि उत्पादन संबद्ध प्रोत्साहन योजना पीएलआई सहित एक्टिव दवाईयों को तैयार करने में उपयोगी तत्वों की उपलब्धता और उत्पादन पर भी आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने की आज सबसे अहम जरूरत है। छत्तीसगढ़ भाजपा सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल सोमवार को रसायन एवं उर्वरक संबंधी संसदीय स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक में बतौर सदस्य संसद परिसर में भाग लेते हुए अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। बैठक में प्रारूप प्रतिवेदनो पर विचार करते हुए उन्हें स्वीकार किया गया। इसके अलावा भारत में चिकित्सा उपकरण उद्योग द्वारा चिकित्सा उपकरणों के संवर्धन उत्पादन और विनिर्माण मसले पर समिति के सदस्यों, विभागीय अधिकारियों तथा उर्वरक एवं ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। साथ ही समिति के सदस्यों के बीच रसायन और उर्वरक मंत्रालय के प्रतिनिधियों के साथ उत्पादन संबंध प्रोत्साहन योजना पीएलआई सहित अन्य विविध पहलुओं पर बातचीत की गई। इसके अलावा सक्रिय फार्मास्युटिकल अवयवों के उत्पादन और उपलब्धता में आत्मनिर्भरता पर भी गहन मंथन हुआ।सांसद बृजमोहन अग्रवाल के अनुसार चिकित्सा उपकरण उद्योग को सशक्त बनाने, देश में उच्च गुणवत्ता वाले विनिर्माण को गति देने तथा एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (API) के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को और मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मंथन की आवश्यकता है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ भारत का निर्माण केवल बेहतर उपचार से नहीं, बल्कि अनुसंधान, नवाचार, आधुनिक विनिर्माण क्षमता और सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखला से ही संभव है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज स्वास्थ्य एवं फार्मा क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की ओर तेज़ी से अग्रसर है। हमारा संकल्प है कि भारत न केवल अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करे, बल्कि विश्व के लिए विश्वसनीय स्वास्थ्य समाधान उपलब्ध कराने वाला अग्रणी राष्ट्र बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *