Chhattisgarh Teacher Recruitment 2026 : रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए शिक्षा सत्र का आगाज हो चुका है, लेकिन स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के सरकारी वादे फिलहाल कागजों तक ही सीमित नजर आ रहे हैं। राज्य में एक तरफ जहां 5,000 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया ठप पड़ी है, वहीं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में चल रही नियुक्तियों पर भी अचानक ब्रेक लगा दिया गया है। नया सत्र शुरू होने और पढ़ाई बहाल होने के बाद अब विद्यार्थियों को अपने भविष्य और पाठ्यक्रम पूरा होने की चिंता सताने लगी है।
केंद्रीकृत परीक्षा के फेर में अटकी आत्मानंद स्कूलों की भर्ती राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में स्वामी आत्मानंद स्कूलों के लिए शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी थी। अकेले रायपुर में ही 150 से अधिक पदों के लिए आवेदन लिए जा चुके थे। इसी बीच लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने पूरी प्रक्रिया को रोक दिया। डीपीआई का तर्क है कि आत्मानंद विद्यालयों में नियुक्तियों को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और एकरूप बनाने के लिए अब जिला स्तर के बजाय राज्य स्तर पर ‘केंद्रीकृत भर्ती परीक्षा’ आयोजित की जाएगी। इस फैसले से पहले से आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों में भारी निराशा है और वे आगामी समय-सीमा को लेकर असमंजस में हैं।
घोषणा के बाद भी शुरू नहीं हो सकी सहायक शिक्षक भर्ती स्कूल शिक्षा विभाग ने सत्र की शुरुआत से पहले जिन 5,000 पदों को भरने का दावा किया था, उनकी जमीनी हकीकत कुछ और ही है। करीब दो महीने पहले सहायक शिक्षक के 2,292 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था, जिसमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1,497 पद शामिल थे। विज्ञापन के मुताबिक इसकी लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर को संभावित है। ऐसे में जानकारों का कहना है कि यदि परीक्षा अक्टूबर में होती है, तो परिणाम और चयन सूची आते-आते चालू सत्र की छमाही या मुख्य परीक्षाएं नजदीक आ जाएंगी, जिससे स्कूलों को इस सत्र में नए शिक्षकों का लाभ मिलना बेहद मुश्किल है।